नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, दुनिया के अनेक देशों की तुलना में भारत संभली हुई स्थिति में है। समय पर किए गए लॉकडाउन और अन्य फैसलों ने भारत में लाखों लोगों का जीवन बचाया है। लेकिन जैसे ही अनलॉक हुआ, व्यक्तिगत और सामाजिक व्यवहार में लापरवाही भी बढ़ती ही चली जा रही है।
पीएम मोदी ने कहा, ये बात सही है कि अगर कोरोना से होने वाली मृत्यु दर को देखें तो दुनिया के अनेक देशों की तुलना में भारत संभली हुई स्थिति में है। पहले हम मास्क को लेकर, दो गज की दूरी को लेकर, 20 सेकेंड तक दिन में कई बार हाथ धोने को लेकर बहुत सतर्क थे। लेकिन अनलॉक में लापरवाही बढ़ती ही चली जा रही है।
हमें रोकना होगा, टोकना होगा और समझाना होगा'
पीएम ने कहा, लॉकडाउन के दौरान बहुत गंभीरता से नियमों का पालन किया गया था। अब सरकारों को, स्थानीय निकाय की संस्थाओं को, देश के नागरिकों को, फिर से उसी तरह की सतर्कता दिखाने की जरूरत है। विशेषकर कन्टेनमेंट जोंस पर हमें बहुत ध्यान देना होगा। जो भी लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे, हमें उन्हें टोकना होगा, रोकना होगा और समझाना भी होगा।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना को नवंबर तक बढ़ाया गया
पीएम मोदी ने कहा, त्योहारों का ये समय, जरूरतें भी बढ़ाता है, खर्चे भी बढ़ाता है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार अब दीवाली और छठ पूजा तक, यानि नवंबर महीने के आखिर तक कर दिया जाए।
पीएम मोदी का 6वां संबोधन
भारत में आज अनलॉक का पहला चरण खत्म हो रहा है। 31 जुलाई तक देश में लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। ऐसे में पीएम मोदी एक बार फिर देश की जनता को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का कोरोना के दौर में यह 6वां संबोधन है।