तेजस्वी न्यूज़ लाइव उत्तर प्रदेश
सवांदाता- कमलेश पाण्डेय, बलिया/सोनभद्र
8382048247
बलिया : शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी में सोमवार की देर शाम पीसीएस अधिकारी मणि मंजरी राय ने फांसी लगाकर जान दे दी। वह मनियर नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी के पद पर तैनात थीं। सूचना मिलते ही डीएम श्रीहरि प्रताप शाही व एसपी देवेन्द्र नाथ के साथ ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, उसमें उन्होंने उल्लेख किया है कि वह दिल्ली, मुंबई से बचकर बलिया चली आईं लेकिन यहां उन्हें रणनीति के तहत फंसाया गया है, इससे वह काफी दुखी हैं। लिहाजा उनके पास आत्महत्या करने के सिवाय कोई विकल्प नहीं है।
सुसाइड नोट के सहारे पुलिस अधिशासी अधिकारी की आत्महत्या की वजह जानने की कोशिश में जुटी है। वैसे पुलिस के लिए यह मामला रहस्य बना हुआ है।
गाजीपुर जनपद के भांवरकोल निवासी मणि मंजरी राय (30) की तैनाती करीब दो साल पहले मनियर नगर पंचायत में ईओ पद पर हुई थी। वह, शहर कोतवाली के आवास विकास कॉलोनी में किराये की मकान में रहती थीं। सोमवार को वह घर में अकेले ही थीं। उनके फ्लैट के बगल वाले फ्लैट में रहने वाली एक महिला को ईओ के कमरे की खिड़की के शीशे से कुछ हिलता हुआ दिखाई दिया। आस-पास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उसके बाद किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो बेड के ऊपर ही फंदे पर मणि मंजरी राय की लाश लटक रही थी।
पुलिस अधीक्षक ने तत्काल फॉरेंसिक टीम बुलाई। जांच पड़ताल के बाद शव को नीचे उतारा गया। देर रात तक डीएम-एसपी मौके पर ही जमे रहे। इसकी सूचना मिलते ही संयुक्त मजिस्ट्रेट विपिन कुमार जैन व अन्नपूर्णा गर्ग के अलावा सदर तहसीलदार शिवसागर दुबे, नायब तहसीलदार जया सिंह, ईओ बांसडीह सीमा राय, ईओ सिकंदरपुर संजय राव समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस सुसाइड नोट व कॉल डिटेल के साथ ही हर एंगल पर जांच कर रही है।
*आखिर ड्राइवर से किस बात पर हुई थीं नाराज*
मनियर नगर पंचायत से जुड़े लोगों के अनुसार बीते शनिवार को अधिशासी अधिकारी मणि मंजरी राय व उनके चालक के बीच कोई बात हुई थी। वह अपने चालक से काफी नाराज थीं। नगर पंचायत पहुंचते ही उन्होंने अपने चालक को भगा दिया था और नगर पंचायत अध्यक्ष को फोन कर दूसरा चालक बुलाया था।
वह चालक राय को मनियर से लगभग चार किलोमीटर दूर छितौनी ग्राम सभा तक छोड़कर लौट गया था। वहां से मणि मंजरी राय अपनी गाड़ी स्वयं ड्राइव करते हुए बलिया स्थित आवास विकास कॉलोनी के अपने मकान में पहुंची थी। इसके बाद वह मनिया नगर पंचायत नहीं गईं और सोमवार की देर रात फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया।
मनियर की अधिशासी अधिकारी मणि मंजरी राय ने सुसाइड क्यों किया यह अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि उन्होंने कमरे में सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें स्वयं को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
देवेंद्रनाथ, पुलिस अधीक्षक, बलिया।
पिता ने लगाया हत्या का आरोप, बोले-मारकर लटका दिया गया
बलिया के मनियर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी मणिमंजरी राय की मौत के बारे में पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। अधिकारी के पिता जय ठाकुर राय ने बेटी की हत्या कर कमरे में लटकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बेटी की हत्या के लिए कई लोगों की तरफ इशारा भी किया। कहा कि वह आत्महत्या कर ही नहीं सकती।
पिता ने कहा कि लगातार उसकी परिवार वालों से बात हो रही थी। किसी तरह के तनाव में नहीं थी। वहीं, अधिशासी अधिकारी सेवा संघ ने भी मणिमंजरी की मौत की उच्चस्तरीय जांच कराने की गुजारिश डीएम से करते हुए उन्हें पत्रक दिया है।
उन्होंने कहा कि बेटी से लगातार बात हो रही थी। उसे परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कुछ राजनेताओं व ठेकेदारों की ओर इशारा किया। कहा कि लगातार इस बारे में वह कहती थी। शनिवार को ही उसका ड्राइवर हटा दिया गया था। खुद गाड़ी लेकर आने जाने लगी थी। पिता ने कहा कि इस बारे में उसने बताया था।
रविवार को भी बात हुई थी। यहां हो रही फर्जीगीरी के बारे में बताती रहती थी। ठेकेदारों से मिलकर किस तरह से राजनेता दबाव बनाते थे, इसकी शिकायतें लगातार हो रही थी। फर्जी पेमेंट को लेकर लगातार परेशान किया जा रहा था। इसे लेकर काफी शिकायतें कर रही थी। लेकिन इसके बाद भी उसे कोई तनाव नहीं था। हमारी बेटी बहुत हिम्मती थी। पिता ने कहा कि उन्हें बेटी के रूम में भी नहीं जाने दिया गया। हमारी बेटी थी, हमें तो उसके रूम में जाने दिया जाता। क्यों हमें वहां जाने नहीं दिया गया। रात में केवल बॉडी दिखाई गई। अधिकारियों ने अपने मन के मुताबिक केस बना लिया। पिता ने रोते हुए बार बार कहा कि हमारी बेटी आत्महत्या करने वाली नहीं थी। उसे मारकर लटका दिया गया है। कौन मारा, कैसे मारा इसकी जांच प्रशासन शासन करे। हमें इंसाफ मिलना चाहिए।
परिवार वालों के आरोपों के हिसाब से केस दर्ज कर जांच होगी: डीएम
डीएम श्रीहरि प्रताप शाही का कहना है कि परिवार वालों के आरोपों के हिसाब से केस दर्ज कर जांच होगी। अधिकारी का सुसाइड नोट भी मिला है। उसे चेक किया जा रहा है। फिलहाल पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए लाश भेजी गई है।